जशपुर जिले में अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल को बीती रात बड़ी सफलता मिली। कुनकुरी एसडीएम नंद जी पांडे के निर्देशन और तहसीलदार कुनकुरी के नेतृत्व में राजस्व टीम ने ईब नदी पुलिया के पास गश्त के दौरान दो अलग-अलग वाहनों से भारी मात्रा में अवैध धान जब्त किया। कार्रवाई के दौरान, टीम ने पहले वाहन क्रमांक CG 14 MQ 7244 (आइसर मिनी 4 चक्का) को रोका। जांच में इस वाहन में 123 बोरी अवैध धान पाया गया। वाहन चालक सचिन कुजूर, पिता फिलिप कुजूर, निवासी करडीह-सन्ना, जिला जशपुर ने पूछताछ में बताया कि उसने यह धान विशाल गुप्ता, निवासी जशपुर के यहां से लोड किया था और इसे ग्राम कलिबा ले जाया जा रहा था। चालक किसी भी प्रकार का आवश्यक दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसमें खरीद-बिक्री या परिवहन से संबंधित कोई कागजात शामिल नहीं थे। चालक ने वाहन का मालिक विशाल गुप्ता (निवासी जशपुर) बताया। दस्तावेजों के अभाव में राजस्व टीम ने धान सहित पूरे वाहन को जब्त कर थाना कुनकुरी में सुरक्षित रखा है। ट्रक की तलाशी में 300 बोरी अवैध धान जब्त उसी रात, उड़नदस्ता दल ने ईब नदी पुलिया के पास एक और संदिग्ध वाहन क्रमांक JH 07 K 6124 (6 चक्का ट्रक) को जांच के लिए रोका। तलाशी में इस ट्रक में 300 बोरी अवैध धान भरा हुआ मिला। वाहन चालक तफजुल खान, पिता शबीर खान, उम्र 25 वर्ष, निवासी थाना कुडू, जिला लातेहार ने बताया कि उसके पास धान परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज़ नहीं है। चालक ने यह भी स्वीकार किया कि उसने यह धान डब्बू जैन, निवासी जशपुर के यहां से लोड किया था और मोबाइल लोकेशन के आधार पर इसे ग्राम कुरूंकुंगा में डंप करने जा रहा था। चालक के अनुसार, ट्रक का मालिक दिलीप गुप्ता, निवासी गुमला है। अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर इस वाहन को भी मौके पर ही जब्त कर थाना कुनकुरी में जमा कराया गया। कुल 423 बोरी धान की खेप जब्त - प्रशासन की सख़्ती जारी दोनों ट्रकों मिलाकर कुल 423 बोरी अवैध धान जब्त किया गया है। एसडीएम कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिले में धान के अवैध परिवहन और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए आगे भी कड़ी निगरानी, रात्री गश्त और बिना पूर्व सूचना के औचक जांच जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई में तहसीलदार कुनकुरी, नायब तहसीलदार, राजस्व अमला और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।