KBC 2025 News: कौन बनेगा करोड़पति में पहुंची रायपुर की पत्रकार, बोलीं- 7 महीने की मेहनत रंग लाई… Big B के सवालों का देंगी जवाब
KBC 17 Latest Episode: राजधानी रायपुर की युवा महिला पत्रकार प्रज्ञा प्रसाद ने लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ में अपनी जगह बनाई है। प्रज्ञा ने इस बड़े उपलब्धि की जानकारी खुद अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से साझा की।
KBC 2025 News: राजधानी रायपुर की युवा महिला पत्रकार प्रज्ञा प्रसाद ने अपनी लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मशहूर क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर वह अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट तक पहुंचीं। प्रज्ञा का ये एपिसोड 3 दिसंबर की रात 9 बजे प्रसारित होगा। उन्होंने अपनी इस सफलता की जानकारी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से साझा की।
7 महीनों की लंबी तैयारी का सफर
प्रज्ञा ने लिखा कि “हॉट सीट तक पहुंचना मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। यह 7 महीने की लंबी और चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया थी, जिसमें भाग्य के साथ मेहनत और नॉलेज सबसे ज्यादा काम आते हैं।” प्रज्ञा प्रसाद ने बताया कि केबीसी का सफर अप्रैल माह में शुरू हुआ, जब सोनी लिव पर सवालों के जवाब देने की प्रक्रिया शुरू हुई। मई में उन्हें दूसरा कॉल आया, जिसमें कंप्यूटरीकृत दो सवाल पूछे गए। दोनों प्रश्न सही होने पर तीसरा कॉल आया और उन्हें मुंबई बुलाया गया।
मुंबई में पवार पब्लिक स्कूल में उनका जीके का लिखित टेस्ट लिया गया। करीब 100 से ज्यादा पन्नों की बुकलेट भरने के बाद दो घंटे में ही परिणाम घोषित किया गया, जिसमें वे पास रहीं। इसके बाद पर्सनल इंटरव्यू और स्क्रीन टेस्ट हुआ, जिसमें 25 मिनट का साक्षात्कार और चार जीके प्रश्न शामिल थे।

केबीसी और चैनल ही उठाता है पूरा खर्च
केबीसी कंटेस्टेंट और उनके एक साथी का आने-जाने का खर्च, होटल में रुकने का खर्च, खाने-पीने का खर्च सबकुछ खुद वहन करती है। यानि अगर आप दो लोगों के साथ जा रहे हैं, तो आपका एक रुपये भी खर्च नहीं होता। आपको मुंबई आने के बाद बिल्कुल परेशान नहीं होना पड़ता। बता दें कि दो लोगों के अलावा अगर आप तीसरे की इजाजत लेते हैं, तब आपको उसका खर्च वहन करना पड़ेगा। केबीसी की टीम बहुत अच्छी तरह से आपका ख्याल मुंबई में रखती है।
परिवार और इलाके में खुशी की लहर
जैसे ही यह खबर फैली कि प्रज्ञा केबीसी में नजर आएंगी, उनके गांव और आसपास के इलाकों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार, रिश्तेदार और परिचितों के फोन लगातार आते रहे। सभी लोग 3 दिसंबर की शाम टीवी स्क्रीन के सामने बैठकर उनका प्रदर्शन देखने के लिए उत्साहित हैं।
What's Your Reaction?





