Constable Suspended: आरोपियों की सुरक्षा ड्यूटी के दौरान चली गोली, पुलिसकर्मी निलंबित

Constable Suspended: ड्यूटी के दौरान आरक्षक की लापरवाही से SLR राइफल से गोली चल गई। घटना के बाद SSP ने संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया।

Feb 25, 2026 - 07:41
 0  9
Constable Suspended: आरोपियों की सुरक्षा ड्यूटी के दौरान चली गोली, पुलिसकर्मी निलंबित

Constable Suspended: लूट के आरोपियों की निगरानी में तैनात एक सशस्त्र पुलिसकर्मी की लापरवाही से थाने में अचानक गोली चलने की घटना सामने आई है। फायरिंग होते ही पूरे थाना परिसर में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने संबंधित आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पुलिसकर्मियों में मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र में 17 फरवरी को हुए लूटकांड के आरोपियों को पुलिस ने मिर्जापुर से गिरफ्तार किया था, जबकि तीन अन्य आरोपियों को बिलासपुर से पकड़ा गया। इन सभी की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकंडा थाने में पदस्थ आरक्षक नवल तिवारी को सौंपी गई थी। सोमवार सुबह करीब सात बजे ड्यूटी पर पहुंचने के बाद आरक्षक ने मुंशी से एसएलआर राइफल ली।

इसी दौरान उसने बिना मैग्जीन निकाले ही ड्रिल प्रक्रिया शुरू कर दी। जैसे ही उसका हाथ ट्रिगर पर पड़ा, राइफल से गोली चल गई और तेज आवाज से पूरा थाना परिसर गूंज उठा। गोली चलने की आवाज सुनकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी मौके पर पहुंच गए। उस समय राइफल की नोक ऊपर की ओर थी, जिससे गोली छत की ओर चली गई।

Constable Suspended: आरक्षक निलंबित

गोली पंखे की ब्लेड को चीरते हुए छत में जा धंसी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरक्षक नवल तिवारी को निलंबित कर दिया।

एसएसपी ने बताया कि ड्यूटी परिवर्तन के दौरान हथियारों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत ड्रिल की जाती है, लेकिन आरक्षक ने लापरवाही बरतते हुए मैग्जीन निकाले बिना ट्रिगर दबा दिया, जिससे यह घटना हुई। पुलिस विभाग ने इस तरह की लापरवाही को गंभीर मानते हुए सख्त कार्रवाई की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

PoliceDost Police and Public Relations