Mahadev Satta App: ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़! सट्टा किंग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
Mahadev Satta App: महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने सट्टा किंग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Mahadev Satta App: ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस ने एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कथित सट्टा संचालक रोहित मोटवानी उर्फ रोहित सिंधी समेत मंजीत सिंह, आकाश उर्फ टीटू और राजा साहू शामिल हैं।
Mahadev Satta App: सट्टा लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त
सभी आरोपी लंबे समय से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे हैं। क्राइम ब्रांच की टीम ने गुढ़ियारी इलाके में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। मौके से पुलिस ने पांच से ज्यादा मोबाइल फोन, करीब 10 लाख रुपये नकद और सट्टा लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह देशभर में फैले नेटवर्क के माध्यम से अवैध सट्टा संचालित कर रहा था और करोड़ों रुपये का लेन-देन कर रहा था।
सभी आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से सट्टा कारोबार से जुड़े प्रभावशाली लोगों पर भी असर पड़ा है और नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। मामले में गुढ़ियारी थाना में जुआ एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है, जिससे इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और संचालन के स्तर का पता लगाया जा सकेगा। क्राइम ब्रांच ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अन्य नेटवर्क पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महादेव सट्टा ऐप पर पहले भी हुई कार्रवाई
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप को लेकर देशभर में पहले भी कई बार छापेमारी और जांच हो चुकी है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और पुलिस ने अलग-अलग राज्यों में इसके नेटवर्क को लेकर बड़े खुलासे किए हैं। वहीं जांच एजेंसियों के अनुसार इस ऐप के जरिए हजारों करोड़ रुपये का अवैध ट्रांजेक्शन किया गया। कई हाई-प्रोफाइल लोगों और सेलेब्रिटीज़ के नाम भी जांच में सामने आए थे।
Mahadev Satta App: छत्तीसगढ़ में सट्टा कारोबार पर लगातार शिकंजा
रायपुर, दुर्ग और भिलाई समेत कई शहरों में पुलिस और क्राइम ब्रांच लगातार ऑनलाइन सट्टा गिरोहों पर कार्रवाई कर रही है। हाल के महीनों में कई बड़े नेटवर्क पकड़े गए हैं। ऑनलाइन एप और सोशल मीडिया के जरिए सट्टा कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे युवाओं और आम लोगों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। पुलिस लगातार लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रही है।
What's Your Reaction?





