‘बस आने वाला है मानसून’ 10 दिनों से यही रट लगा रहा छत्तीसगढ़ मौसम विभाग, उमस और गर्मी से लोग बेहाल
Chhattisgarh Monsoon: छत्तीसगढ़ में मानसून पर ब्रेक लग गया है। इधर मौसम विभाग ने सोमवार को जारी बुलेटिन में पूर्वानुमान शब्द को हटाकर सभी को चौंका दिया..
Chhattisgarh Monsoon Update: छत्तीसगढ़ में मानसून का इंतजार अब लंबा और उलझन भरा होता जा रहा है। पिछले 10 दिनों से मौसम विभाग लगातार दावा कर रहा था कि प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों में मानसून प्रवेश कर सकता है, लेकिन सोमवार को जारी बुलेटिन ने सभी को चौंका दिया। विभाग ने मानसून आगमन की संभावित तारीख का उल्लेख ही हटा दिया।
Chhattisgarh Monsoon: मानसून की रफ्तार धीमी
रविवार के बुलेटिन में मानसून के अगले 4-5 दिनों में प्रदेश पहुंचने की संभावना जताई गई थी, लेकिन सोमवार को यह पूर्वानुमान गायब हो गया। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि मानसून की रफ्तार उम्मीद से धीमी है और मौसम विभाग भी इसके आगमन को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि मानसून अभी तक बस्तर संभाग नहीं पहुंचा है। ऐसे में राजधानी रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में इसके पहुंचने में और देरी हो सकती है।

प्री-मानसून बारिश से भ्रम, राहत नहीं
प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है, लेकिन इससे गर्मी और उमस से खास राहत नहीं मिल रही। (Chhattisgarh Monsoon ) राजधानी रायपुर में 11 जून के बाद कोई उल्लेखनीय बारिश नहीं हुई है। बीती रात कुछ इलाकों में बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन गर्मी का असर बरकरार रहा।
तापमान 39 डिग्री के पार
सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री ज्यादा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक ऊपर पहुंच गया है।
अगले पांच दिन अंधड़ और बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दो द्रोणिकाओं के प्रभाव से प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। अगले पांच दिनों के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मंगलवार को रायपुर में भी अंधड़ के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यहां बरसे बादल
पिछले 24 घंटों में ओड़गी में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। रामानुजनगर, प्रतापपुर और कांसाबेल में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं बलरामपुर, पाली, गिधौरी, बलौदाबाजार, प्रेमनगर, करतला में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
What's Your Reaction?





