रायपुर: FOREX ट्रेडिंग में 74 लाख की साइबर ठगी, राजस्थान से 2 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार
Raipur Cyber Crime News: FOREX ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर 74 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच में पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
गूगल सर्च और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए बनाया शिकार, 74 लाख रुपये निवेश कराकर की धोखाधड़ी
रायपुर। राजधानी रायपुर में FOREX ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर 74 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले दो अंतर्राज्यीय साइबर आरोपियों को रायपुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार मीणा (26 वर्ष) निवासी जयपुर (राजस्थान) तथा संदीप कुमार (24 वर्ष) निवासी सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 159/26 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 66(D) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।
गूगल सर्च से टेलीग्राम ग्रुप तक, ऐसे रची गई ठगी की साजिश
पुलिस के अनुसार, न्यू राजेंद्र नगर निवासी प्रार्थी बहादुर आर्य ने 17 अप्रैल 2026 को अपने मोबाइल फोन से FOREX Trading संबंधी जानकारी गूगल पर सर्च की थी। इसी दौरान एक वेबसाइट के माध्यम से उनका मोबाइल नंबर FIRSTIFY नामक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया गया।
ग्रुप के सदस्यों ने अधिक मुनाफे का झांसा देकर उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया। आरोपियों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार संपर्क कर FOREX ट्रेडिंग में निवेश कराया। प्रार्थी और उसके भतीजे ने विभिन्न किश्तों में कुल 74 लाख रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद न तो उन्हें कोई लाभ मिला और न ही उनकी निवेश की गई राशि वापस की गई।
तकनीकी जांच से राजस्थान तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की। जांच के दौरान मोबाइल नंबरों, बैंक खातों, टेलीग्राम ग्रुप, व्हाट्सएप अकाउंट, डिजिटल प्रोफाइल और अन्य ऑनलाइन गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
बैंकिंग ट्रांजेक्शन और डिजिटल चेन एनालिसिस के आधार पर आरोपियों की लोकेशन राजस्थान में मिली। इसके बाद पुलिस टीम राजस्थान रवाना हुई और स्थानीय स्तर पर लगातार पतासाजी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में किया गिरोह का खुलासा
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनका फॉरेंसिक एवं तकनीकी परीक्षण जारी है।
जांच एजेंसियां अब मोबाइल फोन, बैंक खातों, टेलीग्राम एवं अन्य सोशल मीडिया आईडी का विश्लेषण कर पूरे साइबर गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. मुकेश कुमार मीणा (26 वर्ष)
निवासी – ग्राम डोला का बांस, थाना कालाडेरा, जिला जयपुर (राजस्थान)
2. संदीप कुमार (24 वर्ष)
निवासी – शाहपुरा, थाना जाजोत, जिला सीकर (राजस्थान)
पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि FOREX ट्रेडिंग, क्रिप्टो निवेश, ऑनलाइन निवेश योजनाओं या अत्यधिक मुनाफे का दावा करने वाले टेलीग्राम एवं सोशल मीडिया ग्रुपों से सावधान रहें। किसी भी निवेश से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म की वैधता की जांच करें तथा अज्ञात व्यक्तियों के कहने पर धनराशि ट्रांसफर न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
What's Your Reaction?





