भारी बारिश को लेकर IMD का बड़ा अपडेट! अगले 72 घंटे रहेंगे चुनौतीपूर्ण, गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी
Monsoon Update Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। अगले तीन दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।
CG Rain Forecast: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।
Raipur Weather: बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव
मौसम में बदलाव की मुख्य वजह उत्तर बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जो समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम अगले कुछ घंटों में और स्पष्ट रूप से चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है। इसके बाद इसके अवदाब में तब्दील होने और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर
इस मौसम प्रणाली का सबसे ज्यादा असर उत्तर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है। यहां अगले तीन दिनों तक कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
North Chhattisgarh Rain: इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में ओड़गी, वाड्रफनगर और डौरा कोचली में 7-7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। रघुनाथनगर, चलगली और कुसमी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। तमनार और चांदो में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि अजगरबहार, मोहला और शंकरगढ़ में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 13 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से अगले चार दिनों तक मानसून सक्रिय रह सकता है। भारी बारिश और वज्रपात की संभावना वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
What's Your Reaction?





