Raipur Traffic Hackathon 2026: NIT रायपुर में भव्य शुभारंभ, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए मांगे गए नए आइडिया

Raipur Traffic Hackathon 2026: NIT रायपुर में ट्रैफिक पुलिस के Traffic Hackathon 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर, सुरक्षित और स्मार्ट बनाने के लिए प्रतिभागियों से नए तकनीकी और इनोवेटिव आइडिया आमंत्रित किए गए हैं।

Aug 18, 2026 - 13:08
 0  3
Raipur Traffic Hackathon 2026: NIT रायपुर में भव्य शुभारंभ, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए मांगे गए नए आइडिया

Raipur Traffic Hackathon 2026

रायपुर, 17 अगस्त 2026। रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम, सुव्यवस्थित, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा “रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026” का भव्य शुभारंभ किया गया। हैकाथॉन की थीम “Our City | Our Roads | Our Ideas” रखी गई है।

इस अभियान का आयोजन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर और द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), छत्तीसगढ़ स्टेट सेंटर (IEI) के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ NIT रायपुर के हीरा ऑडिटोरियम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, IPS ने किया।

नागरिकों से लेकर इंजीनियर्स तक सभी दे सकेंगे ट्रैफिक सुधार के सुझाव

ट्रैफिक हैकाथॉन के जरिए रायपुर शहर की यातायात समस्याओं के लिए व्यावहारिक, तकनीकी और धरातल पर लागू किए जा सकने वाले समाधान आमंत्रित किए गए हैं। इसमें छात्र, इंजीनियर्स, अर्बन प्लानर्स, आर्किटेक्ट्स, तकनीकी विशेषज्ञ, स्टार्टअप्स, NGO और आम नागरिक हिस्सा ले सकते हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि यातायात व्यवस्था किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे शहर की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जो नागरिक रोजाना किसी चौक, सड़क या ट्रैफिक प्वाइंट से गुजरता है, वह वहां की वास्तविक समस्या और उसके व्यावहारिक समाधान को बेहतर तरीके से समझ सकता है।

उन्होंने प्रतिभागियों से अपने सुझावों को केवल विचार के रूप में नहीं, बल्कि Short Term, Mid Term और Long Term Solutions के रूप में प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि उपयोगी सुझावों पर पुलिस कमिश्नरेट स्तर पर अमल किया जाएगा। जिन समाधानों के लिए शासन स्तर पर निर्णय या अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता होगी, उन्हें शासन के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छह प्रमुख विषयों पर तलाशे जाएंगे समाधान

रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में छह प्रमुख विषय निर्धारित किए गए हैं—

  1. यातायात इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन

  2. पार्किंग प्रबंधन

  3. सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण

  4. सार्वजनिक परिवहन एकीकरण

  5. गैर-मोटर चालित परिवहन — पैदल यात्री एवं साइकिल ट्रैक

  6. यातायात प्रबंधन में AI/IoT का समावेश

इन विषयों के माध्यम से शहर के चौराहों, सड़कों, पार्किंग व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन, पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों, सड़क सुरक्षा और आधुनिक तकनीक के उपयोग से जुड़ी समस्याओं के समाधान तलाशे जाएंगे।

17 अगस्त से 17 सितंबर तक कर सकेंगे पंजीयन

ट्रैफिक हैकाथॉन के लिए 17 अगस्त 2026 से 17 सितंबर 2026 तक पंजीयन एवं ऑनलाइन सबमिशन किया जा सकेगा। प्रतिभागियों को निर्धारित ऑनलाइन माध्यम के जरिए अपने आइडिया, प्रस्तुति फाइल, फोटो और वीडियो आदि जमा करने होंगे।

प्रतिभागी अपनी रुचि के अनुसार एक या एक से अधिक विषयों में भाग ले सकते हैं। प्रत्येक विषय के लिए अलग पंजीयन एवं सबमिशन करना होगा।

तीन चरणों में होगा चयन

चरण 1: रजिस्ट्रेशन एवं सबमिशन

प्रतिभागी निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन पंजीयन कर अपने आइडिया और उससे संबंधित प्रस्तुति, फोटो एवं वीडियो जमा करेंगे।

चरण 2: स्क्रीनिंग एवं शॉर्टलिस्टिंग

विशेषज्ञों की टीम प्राप्त प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करेगी। प्रत्येक विषय से शीर्ष 5 श्रेष्ठ प्रतिभागियों/आइडिया का चयन किया जाएगा। इस तरह छह विषयों से कुल 30 प्रतिभागियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।

चरण 3: फाइनल प्रेजेंटेशन

शॉर्टलिस्ट किए गए प्रतिभागियों को विशेषज्ञों के सामने अपने आइडिया की प्रत्यक्ष प्रस्तुति देनी होगी। 27 सितंबर 2026 को अंतिम प्रस्तुति के बाद आइडिया की उपयोगिता, व्यवहारिकता, तकनीकी क्षमता, नवाचार और यातायात व्यवस्था पर संभावित प्रभाव के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा।

विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार और प्रमाण-पत्र

हैकाथॉन के छह विषयों में चयनित विजेताओं को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से आकर्षक नगद पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार वितरण के लिए अलग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

NIT रायपुर और IEI के विशेषज्ञों की सहभागिता

हैकाथॉन के आयोजन में NIT रायपुर, Institution of Engineers (India), Chhattisgarh State Centre और पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की महत्वपूर्ण भूमिका है।

NIT रायपुर की ओर से डॉ. एल.के. यदु, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, सिविल इंजीनियरिंग तथा डॉ. सनी देओल, एसोसिएट प्रोफेसर, सिविल इंजीनियरिंग सहित विशेषज्ञों की सहभागिता है। IEI की ओर से श्री पुनीत चौबे, श्री अरविंद रस्तोगी एवं श्री AYV Chenulu सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल हैं।

विशेष आमंत्रित विशेषज्ञों में श्री विनीत नायर, श्री उमेश चितलांगिया, श्री सौरभ राहतगांवकर, श्री मनीष पिल्लिवार, श्री योगेश शर्मा, डॉ. देबाशीष सान्याल एवं श्री के.के. पिपरी सहित विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल हैं।

शुभारंभ कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, IPS मुख्य अतिथि, प्रो. (डॉ.) एन.वी. रमणा राव, निदेशक NIT रायपुर विशिष्ट अतिथि तथा डॉ. अमित तुकाराम कांबले, IPS, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर रायपुर और श्री पुनीत चौबे, GM CET/SAIL एवं चेयरमैन, IEI छत्तीसगढ़ स्टेट सेंटर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

पुलिस कमिश्नरेट की ओर से डॉ. अर्चना झा, DCP ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल, DCP वेस्ट रॉबिंसन गुड़िया IPS, DCP उत्तर श्रीमती दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त DCP ट्रैफिक श्री रामकुमार बर्मन, ADCP पश्चिम श्री राहुल देव शर्मा तथा ACP ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू, श्री रमेश येरेवार, श्री सतीश ठाकुर, श्री कमलजीत पाटले एवं श्रीमती सीमा अहिरवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पौधा भेंट कर स्वागत, “वंदे मातरम्” और राष्ट्रगान के साथ हुई। NIT रायपुर के सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष श्री एल.के. यदु ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि DCP ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने ट्रैफिक हैकाथॉन की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर डॉ. अमित तुकाराम कांबले, IPS ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन अनुराधा दुबे, दूरदर्शन रायपुर द्वारा किया गया।

रायपुर पुलिस की नागरिकों से अपील

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने शहरवासियों, विद्यार्थियों, इंजीनियर्स, तकनीकी विशेषज्ञों, अर्बन प्लानर्स, आर्किटेक्ट्स, स्टार्टअप्स और सभी जागरूक नागरिकों से ट्रैफिक हैकाथॉन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

पुलिस का कहना है कि “Raipur Traffic Hackathon-2026” केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस, विशेषज्ञों और नागरिकों की सामूहिक सोच एवं सहभागिता का मंच है।

Our City | Our Roads | Our Ideas — आइए, मिलकर बनाएं सुरक्षित, सुगम और स्मार्ट रायपुर।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

PoliceDost Police and Public Relations