CG Congress Protest: आज सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, सभी जिलों में होगा पुतला दहन, 3 मार्च को ED दफ्तर का घेराव
CG Congress Protest: 3 मार्च को कांग्रेस बड़ा विरोध प्रदर्शन करते हुए ईडी दफ्तर का घेराव करेगी। वहीं दीपक बैज बोले- ईडी की मंशा कांग्रेस पदाधिकारी को प्रताड़ित करना है।
CG Congress Protest: कांग्रेस ने ईडी पर प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू से जबरिया घंटों बैठाकर पूछताछ करने का आरोप लगाया है। अब इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस सड़क की लड़ाई लड़ेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारवार्ता में बताया कि ईडी के खिलाफ 1 मार्च को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन कर पुतला दहन किया जाएगा। इसके बाद 3 मार्च को ईडी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करेंगे।
CG Congress Protest: भाजपा के भी खर्चों की करें पड़ताल: कांग्रेस
बता दें कि ईडी ने 3 मार्च को एक बार फिर प्रभारी महामंत्री को पूछताछ के लिए बुलाया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज ने कहा, प्रभारी महामंत्री को जबरिया ईडी ऑफिस में घंटों बैठाया जाना बेहद ही आपत्तिजनक है। उनका आरोप है कि ईडी ने भाजपा के इशारे पर कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी को अनावश्यक घंटों बैठाकर रखा था। ईडी भाजपा के अनुषांगिक संगठन की भांति काम कर रही है, जो सर्वथा अस्वीकार्य है।
ईडी ने कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री से जो सवाल किया उससे साफ हो रहा था कि ईडी की मंशा कांग्रेस पदाधिकारी को प्रताड़ित करना है। प्रभारी महामंत्री कांग्रेस भवन निर्माण से संबंधित ईडी के सवालों का जवाब देने गए थे, फिर उनके व्यक्तिगत, पारिवारिक संपत्ति का ब्योरा क्यों मांगा गया। उन्होंने कहा, ईडी को राजनीतिक दल के कार्यक्रमों के खर्चों एवं पार्टी दफ्तर के निर्माण का ब्योरा जानने का इतना ही शौक है, तो सिर्फ कांग्रेस का ही क्यों वह भाजपा के भी खर्चों की पड़ताल करें।
बैठक में अनुशासनहिनता का भी उठा मुद्दा
कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शुक्रवार को प्रदेश कार्यकारिणी की अहम बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और प्रभारी सचिव विजय जांगिड़ की मौजूदगी में हुई बैठक में कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में अनुशासनहिनता का भी मुद्दा उठा। इसमें फैसला लिया गया कि पार्टी लाइन के बाहर पार्टी विरोधी कार्य करने वाले और बयानबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Congress Protest: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने फूंका सीएम-गृहमंत्री का पुतला, पुलिस के साथ हुई झूमाझटकी, देखें Photos
इस स्थिति में पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा पर संगठन एक्शन ले सकता है। जुनेजा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ बयानबाजी की थी। इस मामले में पूर्व विधायक अमरजीत भगत का नाम भी शामिल हैं। बैठक में ईडी द्वारा पार्टी संगठन पर किए जा रहे द्वेषपूर्ण कार्रवाई के विरोध में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई।
इसके अलावा नगरीय निकाय एवं त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव परिणाम की समीक्षा के साथ संगठन विस्तार पर चर्चा हुई। बैठक में पूर्व मंत्री उमेश पटेल, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, सुशील आनंद शुक्ला, सुबोध हरितवाल, गंगा पोटाई, भोलाराम साहू आदि मौजूद थे।
पुलिस पर लगाया जासूसी करवाने का आरोप
CG Congress Protest: बैज ने पत्रकारवार्ता में पुलिस पर जासूसी करवाने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है, दंतेवाड़ा टीआई रैंक के अधिकारी, एक सब इंस्पेक्टर और सिपाही जासूसी के लिए आए थे। जब हम लोगों ने पूछा कि दंतेवाड़ा की गाड़ी यहां क्या कर रही है? उनके पास कोई जवाब नहीं था।
जब एडिशनल एसपी दंतेवाड़ा को फोन किया, तो उनके पास भी कोई जवाब नहीं था। इसका मतलब साफ है कि प्रदेश अध्यक्ष के घर में कौन स्थानीय निकाय चुनाव जीता हुआ जनप्रतिनिधि आ रहे हैं, जिला पंचायत के मेंबर, जनपद के सदस्य रहे हैं, उन पर निगरानी रखी जा रही है। हम निष्पक्षतापूर्ण जांच और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं।
What's Your Reaction?





