Gold Price: सोना पहुंचा 1 लाख के पार, फिर भी खरीदारों की पहली पसंद, जानें अब तक कितना हुआ इजाफा
Gold Price: जनवरी से अब तक करीब 25 हजार रुपए का इजाफा हो चुका है। इसकी कीमतें और बढ़ने की संभावना सराफा कारोबारियों ने जताई है।
Gold Price: सराफा बाजार में लगातार उछाल आने के बाद भी सोना खरीदारों की पहली पसंद बना हुआ है। सुरक्षित निवेश को देखते हुए इस समय प्रति 10 ग्राम की कीमत 1 लाख 2000 रुपए के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद भी डिमांड लगातार बढ़ रही है। जनवरी से अब तक करीब 25 हजार रुपए का इजाफा हो चुका है। इसकी कीमतें और बढ़ने की संभावना सराफा कारोबारियों ने जताई है। उनका कहना है कि दीपावली तक 1 लाख 15 हजार तक पहुंच सकती है। इसकी मुख्य वजह लगातार बदल रहे अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और कारोबारी ट्रेड को लेकर मचा घमासान है।
वहीं अमेरिका द्वारा विश्व के सभी देशों पर टैरिफ लगाए जाने के कारण भी असर पड़ा है। इसकी चलते कीमती धातु के बाजार में उछाल आने की संभावना को देखते हुए सोना खरीदने वालों की संख्या बढ़ी है। बता दें कि जहां 2015 में प्रति 10 ग्राम सोना की कीमत 26343 थी। यह 10 साल में 2025 में करीब 4 गुना तक बढ़ गई है। हालांकि कुछ दिनों पहले इसकी कीमतों में गिरावट आई थी, लेकिन एक बार फिर अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। इसी तरह चांदी प्रति किलो 1 लाख 16000 रुपए पहुंच गई है।
करोड़ों का कारोबार
प्रदेश में सोना खरीदी करने वालों के साथ ही कारोबारियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। जहां 5 साल पहले प्रदेश में 200 करोड़ रुपए की खरीदी होती थी। वहीं इस समय 500 करोड़ और रायपुर जिले में 100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार होता है। कुछ महीनों को छोड़कर त्योहारी और वैवाहिक सीजन में जमकर खरीदी होती है। सराफा कारोबारियों का कहना है सोना की अपेक्षा चांदी, प्लेटनियम और हीरा की डिमांड कम है। बिक्री करने पर बाजार मूल्य अच्छा मिलने और ऑफर को देखते हुए खरीदारी करते है।
शोरूम और दुकानों की संख्या में इजाफा
सोना-्चांदी और अन्य बेशकीमती धातुओं की डिमांड को देखते हुए लगातार ब्रांडेड कंपनियों के शोरूम से लेकर प्रदेशभर में दुकानों की संख्या में इजाफा हो रहा है। पिछले 10 सालों में इसकी संख्या में 30 फीसदी से ज्यादा का इजाफा हुआ है। इस समय रायपुर शहर में 630 और प्रदेशभर में 7000 से ज्यादा छोटी-बड़ी दुकाने है।
अच्छी डिमांड
कीमतें बढ़ने के बाद भी बाजार में खरीदारी और बाजार पर इसका असर नहीं पड़ा है। इसकी कीमत लगातार घरेलू बाजार के साथ ही अंतराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही है। इसे देखते हुए कीमते और बढ़ने की संभावना है।
धरम भंसाली, रायपुर सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष
एक नजर में वर्ष कीमत
2015 26343
2016 28623
2017 29667
2018 31438
2019 35220
2020 48651
2021 48720
2022 49390
2023 62324
2024 71510
2025 1.02 लाख रुपए ( 27 जुलाई 2025 कीमत जीएसटी सहित )
What's Your Reaction?


