Bad News: दो माह की बेटी छोड़कर महिला गायब, पुल पर मिली स्कूटी, नदी में कूदने की आशंका
रायपुर के आरंग इलाके में एक विवाहिता रहस्यमयी ढंग से गायब हो गई है। वह सुबह अपने घर से स्कूटी लेकर निकली थी। इसके बाद से घर नहीं लौटी। उसकी स्कूटी पारागांव-घोड़ारी महानदी पुल पर खड़ी मिली।
आशंका: नदी में कूदकर अपनी जान दे दी
पुल की रेलिंग में उसका दुपट्टा भी बंधा मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि महिला ने नदी में कूदकर अपनी जान दे दी है। देर शाम तक नदी में उसकी तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। आरंग पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक पारागांव निवासी स्वाति त्रिवेदी (27) सोमवार को सुबह करीब 5 बजे अपने घर से स्कूटी लेकर निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। काफी देर तक वह घर में नहीं दिखी, तो उनके परिजन उन्हें ढूंढ़ने निकले। आसपास उनका कुछ पता नहीं चला।
मामला खुदकुशी का है या कुछ और? साफ नहीं
महानदी पुल के किनारे स्कूटी खड़ी मिली। उसमें चाबी लगी थी। वहीं पर रेलिंग में टुपट्टा बंधा मिला। इससे महिला के नदी में कूदने की आशंका जताई जा रही है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची। पुल के आसपास महिला की तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। आसपास के इलाकों में भी उनकी पतासाजी की गई। देर शाम तक कुछ सुराग नहीं मिला। इसलिए मामला खुदकुशी का है या कुछ और? यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। आरंग पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी करीब साल भर पहले
स्वाति पारागांव की रहने वाली है। उनकी शादी करीब साल भर पहले रायपुर के संतोषी नगर निवासी अजय त्रिवेदी से हुई थी। दोनों की दो माह की बेटी है। स्वाति रक्षा बंधन में अपने मायके आई थी। इसके बाद तीजा मनाने के लिए रुकी थी। बताया जाता है कि रविवार को उनके पति व सास-ससुर पारागांव आए थे। इसके बाद रात को सभी रायपुर लौट आए। रात में किसी तरह के वाद-विवाद के बारे में भी कुछ पता नहीं चला। स्वाति के अचानक गायब होने से उसकी दो माह की बेटी अकेली है। उसकी देखभाल को लेकर परिजन चिंतित हैं।
What's Your Reaction?





