CG Politics News: भगवान भरोसे चल रही सरकार… CM साय के विदेश यात्रा पर PCC दीपक बैज ने कसा तंज, कही ये बात
CG Politics News: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर है इस कारण सरकारी कामकाज ठप पड़ा है।

CG Politics News: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर है इस कारण सरकारी कामकाज ठप पड़ा है। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी विदेश घूमने निकल गए हैं। राज्य में मितानिनें हड़ताल पर हैं। 16000 से अधिक एनआरएचएम के कर्मचारी हड़ताल पर हैं, पटवारी हड़ताल पर हैं, अधिकारी-कर्मचारी संगठन कल से हड़ताल पर जा रहे हैं। प्रदेश में अराजकता के हालात है।
ऐसे में मुख्यमंत्री का विदेश प्रवास का जाना साबित करता है कि सरकार भगवान भरोसे चल रही है। बैज ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बदहाल है। रोज हो रही हत्याओं, लूट, चाकूबाजी, बलात्कार की घटनाओं की समीक्षा कर जनता को राहत पहुंचाने के बजाय मुख्यमंत्री तफरी करने विदेश निकल गए।
जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे में CM साय
बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जापान और दक्षिण कोरिया की 10 दिवसीय यात्रा पर गुरुवार को रवाना हुए। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उन्हें विदा करने सरकार के मंत्री, और अफसर मौजूद थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद साय की यह पहली विदेश यात्रा है।
सीएम ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया वे जापान के ओसाका में आयोजित होने वाले वर्ल्ड एक्सपो में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा, जापान और दक्षिण कोरिया में इलेक्ट्रॉनिक, मोटर वाहन और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में अच्छा काम हो रहा है। छत्तीसगढ़ में भी इन क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। इसलिए, हम अपनी नई औद्योगिक नीति के साथ वहां जा रहे हैं और उद्योगपतियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद राज्य को अब तक 6.50 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव हासिल हुए हैं। इनमें से कई पर काम शुरू हो चुके हैं और अन्य के कार्यान्वयन में कुछ समय लगेगा। सीएम ने कहा, छत्तीसगढ़ विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाने के लिए तैयार है। जापान के ओसाका में 13 अप्रैल से 13 अक्टूबर 2025 तक आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ अपनी धरोहर एवं विकास यात्रा का प्रदर्शन करेगा।
What's Your Reaction?






