CG News: रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव, 30 हजार खिलाड़ियों का होगा पंजीयन
CG News: सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और महापौर मीनल चौबे व सभापति सूर्यकांत राठौड़ की मौजूदगी में अधिकारियों के साथ बैठक की।
CG News: रायपुर निकायों को जोड़कर 15 से 19 नवंबर तक रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव होगा। निगम मुख्यालय में मंगलवार को तैयारियों को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और महापौर मीनल चौबे व सभापति सूर्यकांत राठौड़ की मौजूदगी में अधिकारियों के साथ बैठक की।
सांसद ने महोत्सव के लिए रायपुर, बिरगांव नगर निगम, माना कैम्प नगर पंचायत क्षेत्र को 13 जोन बनाकर न्यूनतम 30 हजार से अधिक खिलाडियों का पंजीयन कराने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार करने पर जोर दिया। बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर खेल मंत्रालय के फिट इंडिया मूवमेंट को जनआंदोलन का रूप देना है। इसी के तहत खेल महोत्सव का आयोजन किया जाना है। रायपुर निगम के सभी 10 जोनों के 70 वार्डो में खेल का वातावरण बनाना है।
खेल संघों के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोडने को कहा है। क्यूआर बार कोड को स्कैन कर फार्म भरवाकर खेलों के प्रति प्रोत्साहित कर शामिल करने कहा है। महोत्सव के दौरान खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केट बॉल, रस्साकसी, भारोत्तोलन, कुश्ती, रोप स्पीकिंग, स्वीमिंग, शरीर सौष्ठव, शतरंज, फुगडी, गेड़ी जैसे खेल होंगे। विधायकों ने अपने क्षेत्रों की जानकारी दी।
वहीं महापौर मीनल चौबे ने कहा कि आज के मोबाइल, डिजिटल युग में रायपुर के सभी 70 वार्ड पार्षदों को टीम बनाकर शामिल होने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने महिलाओं को आयोजन से अधिक से अधिक जोडने पर जोर दिया।
What's Your Reaction?


