Bilaspur Train Accident: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ली ट्रेन हादसे की जानकारी, 10 लाख मुआवजे का ऐलान
Bilaspur Train Accident: केंद्रीय मंत्री ने नई दिल्ली स्थित वार रूम से पूरी घटना की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्य त्वरित तरीके से संपादित करने संबंधी निर्देश दिए...
Bilaspur Train Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बड़ा ट्रेन हादसा हुआ है। बिलासपुर से कोरबा रूट पर गतौरा स्टेशन के बीच लाल खदान के पास चलती मालगाड़ी के पीछे से गेवरा रोड बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेन टकरा गई। हादसे में कलेक्टर ने 7 यात्रियों की मौत की पुष्टि की है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 10 से ज्यादा की मौत हुई है । वहीं 25 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की आशंका है।
Bilaspur Train Accident: मंत्री ने मुआवजे की घोषणा
इस भीषण हादसे की जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ली है। केंद्रीय मंत्री ने नई दिल्ली स्थित वार रूम से पूरी घटना की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्य त्वरित तरीके से संपादित करने संबंधी निर्देश दिए। रेलवे ने दुर्घटना में मारे गए यात्रियों के लिए 10 लाख रुपए का एक्स ग्रेशिया और गंभीर रूप से घायल यात्रियों के लिए 5 लाख तथा सामान्य घायल यात्रियों के लिए एक लाख के मुआवजे की घोषणा की है। मुआवजा राशि का वितरण दक्षिण पूर्व मध्य रेल की टीम द्वारा विभिन्न अस्पताल में जाकर किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिले के पास हुई ट्रेन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद घटना बताया और कहा कि इस दुर्घटना में प्रभावित परिवारों के प्रति राज्य सरकार पूरी संवेदना के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री साय ने दूरभाष पर बिलासपुर जिला कलेक्टर से बात कर घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए प्रभावितों की सहायता के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी दी कि रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गई हैं और राहत-बचाव कार्यों में जुटी हैं। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर रखे हुए है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और उनके परिजनों को इस दुखद समय में धैर्य प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
हेल्पलाइन नंबर
- बिलासपुर – 7777857335, 7869953330
- चांपा – 8085956528
- रायगढ़ – 9752485600
- पेंड्रा रोड – 8294730162
- कोरबा – 7869953330
- उसलापुर – 7777857338
What's Your Reaction?





