ऑपरेशन साइबर शील्ड: शेयर ट्रेडिंग ठगी में 2 आरोपी गिरफ्तार | 44 लाख की ठगी | रायपुर रेंज साइबर पुलिस
ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर रेंज साइबर पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 44 लाख की ठगी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के बैंक खातों पर देश के 18 से अधिक थानों में केस दर्ज।
ऑपरेशन साइबर शील्ड: अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई
रायपुर।पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा के निर्देशानुसार साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के अंतर्गत रेंज साइबर थाना रायपुर की टीम को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
44 लाख की ठगी का मामला दर्ज
प्रार्थी सतीश शर्मा, रायपुर द्वारा रेंज साइबर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपियों ने शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का लालच देकर उनसे 44 लाख रुपये की साइबर ठगी की। शिकायत पर अपराध क्रमांक 5/24 धारा 318(4), 111, 3(5) बीएनएस एवं 66(D) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
म्यूल खातों के जरिए किया गया ट्रांजैक्शन
विवेचना के दौरान आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए बैंक खातों एवं मोबाइल नंबरों की जानकारी एकत्र की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी कंवलजीत सिंह विग एवं उज्ज्वल जायसवाल द्वारा म्यूल बैंक खातों के माध्यम से अन्य साथियों की सहायता से प्रार्थी से रकम जमा करवाई गई थी।
इन बैंक खातों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों के 18 से अधिक पुलिस थानों एवं साइबर सेल में शिकायतें दर्ज होना पाया गया है, जिससे यह एक अंतर्राज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क होने की पुष्टि हुई है।
आरोपियों को भेजा गया न्यायिक अभिरक्षा में
तकनीकी साक्ष्य, बैंक ट्रांजैक्शन एवं शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. कंवलजीत सिंह विग
पिता – प्रद्युम्न सिंह विग
उम्र – 38 वर्ष
पता – डोंगर परासिया, जिला छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश
2. उज्ज्वल जायसवाल
पिता – उपेन्द्र जायसवाल
उम्र – 19 वर्ष
पता – भिलाई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)
पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
What's Your Reaction?





