ऑपरेशन साइबर शील्ड: फर्जी सिम कार्ड बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार | 18.52 लाख की साइबर ठगी | रायपुर पुलिस
ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर रेंज साइबर पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले आरोपी रामकृष्ण कुशवाहा को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया। आरोपी के सिम से 18.52 लाख की साइबर ठगी, म्यूल बैंक अकाउंट और ऑनलाइन फ्रॉड का खुलासा।
ऑपरेशन साइबर शील्ड: अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई
रायपुर। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के अंतर्गत रेंज साइबर थाना रायपुर को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड बेचकर साइबर ठगी में सहयोग करने वाले आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी द्वारा बेचे गए सिम कार्ड का उपयोग म्यूल बैंक अकाउंट संचालन, टेलीग्राम रिव्यू टास्क, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, पहचान की चोरी, फेक शेयर ट्रेडिंग ऐप एवं सस्ते दामों में सामान बेचने का झांसा देकर की जा रही साइबर ठगी में किया गया था।
18.52 लाख की साइबर ठगी, 41 सिम कार्ड संलिप्त
थाना सिविल लाइन रायपुर में अपराध क्रमांक 290/25 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 3(5) बीएनएस एवं 42(3) टेलीग्राफ एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
प्रकरण में छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के पीड़ितों से 18.52 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज है, जिसमें 41 मोबाइल सिम कार्ड की संलिप्तता सामने आई है।
तकनीकी विश्लेषण से आरोपी तक पहुंची पुलिस
प्रकरण की विवेचना रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा की जा रही है। विवेचना के दौरान अपराध में प्रयुक्त सिम कार्ड की जानकारी संबंधित सिम सेवा प्रदाता कंपनियों से प्राप्त की गई।
प्राप्त तकनीकी डाटा के विश्लेषण, पीड़ितों एवं साक्षियों से पूछताछ के आधार पर फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले आरोपी रामकृष्ण कुशवाहा को चिन्हांकित कर गिरफ्तार किया गया, जिसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
ऐसे करता था फर्जी सिम कार्ड की सप्लाई
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह “शिवम मोबाइल” एवं “रामकृष्ण मोबाइल” के नाम से प्वाइंट ऑफ सेल (POS) खोलकर VI, जियो एवं एयरटेल कंपनियों के सिम कार्ड बेचने का कार्य करता था।
आरोपी द्वारा प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनका विस्तृत तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है।
अपराध का तरीका
-
नया सिम लेने या सिम पोर्ट कराने आए ग्राहकों का डबल थंब स्कैन / आई ब्लिंक के माध्यम से ई-केवाईसी कर अतिरिक्त सिम चालू करना
-
जिन ग्राहकों के पास आधार कार्ड की फिजिकल कॉपी होती थी, उनके विवरण का स्वयं सत्यापन कर डी-केवाईसी से अतिरिक्त सिम एक्टिव करना
-
इन फर्जी सिम कार्ड को अधिक कीमत पर अन्य साइबर अपराधियों को बेचना
गिरफ्तार आरोपी
नाम: रामकृष्ण कुशवाहा
पिता: छोटेलाल कुशवाहा
उम्र: 32 वर्ष
स्थायी पता: ग्राम बंशीपुर, मंगरौरा, जिला मईहर, मध्यप्रदेश
हाल मुकाम: प्राइम रोज, शालिगांव, संगोल्दा, गोवा
पुलिस द्वारा आरोपी से जुड़े अन्य साइबर अपराधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रकरण में आगे और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
What's Your Reaction?





