रायपुर: जाम से राहत के लिए ट्रैफिक पुलिस का हेल्पलाइन नंबर जारी, कॉल/व्हाट्सएप पर तुरंत मदद
Raipur Traffic News: जाम से राहत दिलाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9479210632 जारी किया है। कॉल या व्हाट्सएप करते ही पुलिस मौके पर पहुंचेगी, साथ ही गूगल मैप के जरिए ट्रैफिक निगरानी भी की जाएगी।
9479210632 पर कॉल/व्हाट्सएप करते ही तुरंत पहुंचेगी पुलिस, गूगल मैप से भी होगी निगरानी
रायपुर, 09 अप्रैल 2026।
राजधानी रायपुर में यातायात जाम की समस्या से त्वरित राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस रायपुर ने नया हेल्पलाइन नंबर 9479210632 जारी किया है। अब शहर के किसी भी हिस्से में जाम लगने पर आम नागरिक सीधे कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दे सकते हैं, जिस पर तत्काल पुलिस कार्रवाई करेगी।
यह पहल पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशानुसार शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाना है।
कॉल करते ही एक्टिव होगी पुलिस पेट्रोलिंग
यातायात पुलिस के अनुसार, हेल्पलाइन नंबर पर जाम की सूचना मिलते ही आईटीएमएस/कंट्रोल रूम द्वारा संबंधित क्षेत्र की यातायात पेट्रोलिंग टीम को तुरंत अलर्ट किया जाएगा। इसके बाद मौके पर पहुंचकर जाम को जल्द से जल्द क्लियर कर यातायात सुचारू किया जाएगा।
गूगल मैप से होगी रियल-टाइम मॉनिटरिंग
शहर में जाम की स्थिति पर नजर रखने के लिए अब गूगल मैप का भी उपयोग किया जाएगा। कंट्रोल रूम द्वारा लगातार मॉनिटरिंग कर जहां भी जाम की स्थिति नजर आएगी, वहां तत्काल पुलिस टीम भेजी जाएगी।
नागरिक भी गूगल मैप के जरिए ट्रैफिक की स्थिति देखकर वैकल्पिक मार्ग (Alternate Route) का उपयोग कर सकते हैं।
गूगल मैप के रंगों का मतलब
- हरा (Green): यातायात सुचारू रूप से चल रहा है
- पीला (Yellow): यातायात मध्यम गति से चल रहा है
- लाल (Red): ट्रैफिक धीमा या सिग्नल पर रुका हुआ है
- मेहरून (Maroon): यातायात पूरी तरह बाधित
नागरिकों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जाम की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
What's Your Reaction?





