छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पचधारी डेम में नहाने के लिए पहुंच रहे हैं। हर साल यहां हादसे होते हैं, लेकिन इसके बाद भी लोग सावधानी नहीं बरत रहे हैं। रविवार को पचधारी डेम में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। इसके बावजूद अगले ही दिन सुबह से बड़ी संख्या में लोग वहां नहाने पहुंच गए। इस दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में लोगों को नहाने से रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस की तरफ से कोई खास व्यवस्था नहीं दिखाई दी। सोमवार सुबह से ही लोग पचधारी डेम में नहाने के लिए पहुंचने लगे थे। दोपहर तक बड़ी संख्या में लोग पानी में नहाते नजर आए। डेम के जिस हिस्से में पानी ज्यादा गहरा था, वहां युवा और बच्चे कूद-कूदकर नहा रहे थे। उन्हें रोकने वाला वहां कोई नहीं था। वहां नहा रहे बंटी कुमार मिश्रा ने बताया कि वे पिकनिक मनाने आए थे और नहाकर वापस जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां किसी को नहाने से मना नहीं किया जा रहा है और बच्चे भी पानी में उतर रहे हैं। वहीं अंकित चक्रधारी ने बताया कि अभी भी बच्चे और बुजुर्ग डेम में नहा रहे हैं। यहां कोई रोक-टोक नहीं है। उन्होंने कहा कि नीचे वाले हिस्से में नहाना सुरक्षित है, लेकिन ऊपर वाले हिस्से में खतरा रहता है। उन्होंने बताया कि यहां आए दिन हादसे होते हैं। कल भी एक युवक की मौत हुई थी, इसके बावजूद आज फिर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। उन्होंने प्रशासन से सख्ती करने की मांग की। अधिकारियों को लिखेंगे पत्र वार्ड नंबर 8 की पार्षद ज्योति यादव ने बताया कि पचधारी डेम में हर बार हादसा होता है। घटनाएं भी हो रही हैं। इसके लिए अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा और प्रतिबंधित क्षेत्र में रोक लगाने की मांग की जाएगी। ताकि हर साल हो रही घटनाओं पर रोक लग सके। दोस्तों के साथ नहाने आया था रविवार को पचधारी डेम में एक युवक की मौत हो गई। पुसौर ब्लॉक के ग्राम रियापाली का रहने वाला अजय सिदार (25) यहां नहाने के लिए अपने 4 दोस्तों के साथ पहुंचा था। तभी नहाने समय वह अचानक गहरे पानी में डूब गया। इससे उसकी जान चली गई। घटना के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। गोताखोरों की मदद से शाम को उसका शव पानी से बाहर निकाला गया। पिछले साल दो सगी बहनों की मौत हुई थी इससे पहले 25 मार्च 2025 को पचधारी डेम में दो सगी बहनों की डूबने से मौत हो गई थी। विनोबा नगर की रहने वाली विंध्या जाटवर और अंजली जाटवर घर से निकली थी, लेकिन सुबह दोनों की लाश डेम में तैरती हुई मिली थी। इसके अलावा 12 मार्च 2026 को कार्मेल स्कूल रोड, डीकॉट गली निवासी शाश्वत गुरु (21) अपने तीन दोस्तों के साथ पचधारी डेम नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे नहीं बचा पाए और उसकी मौत हो गई। लोगों को दी जाएगी समझाइश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पचधारी डेम में पुलिस की पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को प्रतिबंधित क्षेत्र में नहाने से रोकने के लिए समझाइश दी जाएगी। इसके साथ ही पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।