रायपुर: फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर से दस्तावेज बनाने वाला च्वॉइस सेंटर संचालक गिरफ्तार
Raipur Crime News: रायपुर पुलिस ने फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर दस्तावेज तैयार करने वाले एक च्वॉइस सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से फर्जी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई है। मामले की जांच जारी है।
पार्षद के लेटरहेड का दुरुपयोग कर तैयार किए जा रहे थे जन्म, मृत्यु प्रमाण-पत्र और अन्य दस्तावेज, लैपटॉप-प्रिंटर जब्त
रायपुर। राजधानी रायपुर में पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी उपयोग कर सरकारी दस्तावेज तैयार करने के मामले में थाना आजाद चौक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक च्वॉइस सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लैपटॉप, एक कलर प्रिंटर और एक लैमिनेशन मशीन जब्त की गई है।
पुलिस ने आरोपी विपीन केशरी (38 वर्ष) के विरुद्ध थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत धारा 336(3), 340(2) एवं 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
पार्षद के नाम से हो रहा था लेटरहेड का दुरुपयोग
पुलिस के अनुसार, शहीद चूड़ामणि नायक वार्ड क्रमांक-37 के निर्वाचित पार्षद दीपक जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके नाम से जारी आधिकारिक लेटरहेड और हस्ताक्षर का दुरुपयोग किया जा रहा है।
शिकायत में बताया गया कि आजाद चौक क्षेत्र के मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर में उनके फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड और नगर निगम से संबंधित अन्य दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।
पुलिस की रेड में हुआ खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना आजाद चौक पुलिस ने जांच शुरू की। शिकायतकर्ता से आवश्यक जानकारी और साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस टीम ने मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर पर छापा मारा।
रेड के दौरान सेंटर में मौजूद संचालक विपीन केशरी से पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का अनधिकृत एवं फर्जी तरीके से उपयोग कर विभिन्न दस्तावेज तैयार करता था।
लैपटॉप, प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन जब्त
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दस्तावेज तैयार करने में प्रयुक्त एक लैपटॉप, एक कलर प्रिंटर तथा एक लैमिनेशन मशीन जब्त की है। जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस फर्जीवाड़े के माध्यम से कितने दस्तावेज तैयार किए गए और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं।
गिरफ्तार आरोपी
विपीन केशरी (38 वर्ष)
पिता – राकेश चंद्र केशरी
मूल निवासी – कटरा बाजार, जिला भदोही (उत्तर प्रदेश)
वर्तमान पता – अश्वनी नगर, कृति ब्यूटी पार्लर के पास, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर।
जांच जारी
पुलिस मामले में जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों का परीक्षण कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर का उपयोग कर तैयार किए गए दस्तावेजों का इस्तेमाल किन-किन कार्यों में किया गया और इस पूरे फर्जीवाड़े में अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है।
What's Your Reaction?





