Raipur Airport: एयरपोर्ट पर यात्रियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, अब फ्री में ले जा सकेंगे मनपसंद किताबें, एयरोब्रिज भी जल्द शुरू
Bhilai News: होटल में लिव-इन कपल के बीच विवाद के बाद 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि युवती ने हाथ की नस काटकर खुद को घायल कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Airport News: रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट लगातार आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहा है। अब हवाई यात्रियों को सफर के दौरान एक नई और अनोखी सुविधा मिलने जा रही है। एयरपोर्ट पर पहली बार ‘फ्लाब्रेरी’ (Flybrary) की शुरुआत की गई है, जहां यात्री अपनी पसंद की किताबें निशुल्क पढ़ने के लिए ले सकेंगे। खास बात यह है कि इन पुस्तकों को यात्री अपने घर भी ले जा सकते हैं और इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।
एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया
स्वामी विवेकानंद विमानतल के निदेशक योगेश नगाइच ने बताया कि पिछले आठ महीनों से एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण पर तेजी से काम किया जा रहा है। फ्लाब्रेरी में हास्य-व्यंग्य, पर्यटन, मनोरंजन, प्रेरक साहित्य और महापुरुषों की जीवनी सहित विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों का सफर अधिक रोचक और ज्ञानवर्धक बन सके।
पार्किंग विवाद खत्म करने के लिए तीन लेन की व्यवस्था
एयरपोर्ट पर पार्किंग को लेकर होने वाली परेशानियों और विवादों को खत्म करने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब पार्किंग में तीन अलग-अलग लेन बनाई गई हैं। पहली लेन फास्टैग से भुगतान करने वाले वाहनों के लिए, दूसरी नकद भुगतान करने वालों के लिए और तीसरी कमर्शियल वाहनों के लिए निर्धारित की गई है। इससे वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी।
चौथा एयरोब्रिज जल्द होगा शुरू
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट पर चौथे एयरोब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निदेशक ने बताया कि सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब इंस्टॉलेशन के लिए बेस तैयार किया जा रहा है। निर्माण पूरा होते ही इसे यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा, जिससे बोर्डिंग और डिबोर्डिंग की सुविधा पहले से अधिक आसान हो जाएगी।
फाइव स्टार होटल जैसा बनेगा वीआईपी लाउंज
एयरपोर्ट के भीतर और बाहर व्यापक सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है। वीआईपी और वीवीआईपी यात्रियों के लिए दो नए विशेष वेटिंग रूम तैयार किए जा रहे हैं, जिनका इंटीरियर फाइव स्टार होटल के लाउंज की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं और अगले कुछ महीनों में इनका निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।
बच्चों के लिए बनेगा किड्स प्ले जोन
परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर किड्स प्ले जोन भी बनाया जा रहा है। इसके अलावा टर्मिनल भवन की दीवारों का आकर्षक डेकोरेशन, नई फॉल्स सीलिंग, आधुनिक स्ट्रीट लाइटें और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी किए जा रहे हैं, जिससे एयरपोर्ट का स्वरूप और अधिक आधुनिक एवं आकर्षक बनेगा।
एयरपोर्ट तक पहुंचना होगा आसान
एयरपोर्ट के सामने स्थित चार लेन सड़क को छह लेन में बदला जा रहा है, ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिल सके। साथ ही यात्रियों के लिए पैदल मार्ग का भी विस्तार किया जा रहा है, जिससे वे अपने सामान के साथ आसानी से टर्मिनल भवन तक पहुंच सकें। गौरतलब है कि स्वामी विवेकानंद विमानतल के निदेशक योगेश नगाइच का हाल ही में पदोन्नति के बाद चंडीगढ़ एयरपोर्ट के सीईओ के रूप में चयन हुआ है। उनके कार्यकाल में रायपुर एयरपोर्ट पर कई नई सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिनका लाभ अब यात्रियों को मिलने लगा है।
What's Your Reaction?





