Bhilai Fraud: तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और निवेश के नाम पर महिला से 85 लाख की ठगी, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार
Bhilai Fraud News: भिलाई में तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ, घरेलू समस्याएं दूर करने और निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर एक महिला से 85 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भिलाई: छत्तीसगढ़ के भिलाई में तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले घरेलू परेशानियां दूर करने और फिर जिन्न-प्रेत बाधा का डर दिखाकर महिला का विश्वास जीता। इसके बाद वर्षों तक अलग-अलग बहाने बनाकर लाखों रुपये ऐंठता रहा। पुलिस ने आरोपी को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच भिलाई नगर थाना पुलिस कर रही है।
रायपुर में हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, पीड़िता संगीता कश्यप की वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान जबलपुर निवासी पवन बधोरिया से मुलाकात हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने परिवार की समस्याओं का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से सभी परेशानियां दूर करने का दावा किया।
इसके बाद आरोपी लगातार महिला के संपर्क में रहा और अलग-अलग पूजा-अनुष्ठानों के नाम पर किस्तों में बड़ी रकम लेता रहा।
जिन्न-प्रेत का डर दिखाकर वसूले लाखों रुपये
शिकायत के मुताबिक, आरोपी महिला को बार-बार यह कहकर डराता था कि उसके परिवार पर जिन्न और प्रेत बाधा का साया है। यदि समय रहते विशेष पूजा नहीं कराई गई तो परिवार पर बड़ा संकट आ सकता है। गुप्त अनुष्ठान, विशेष पूजा और 43 दिनों तक दीपक जलाने जैसी बातें कहकर उसने महिला का भरोसा जीता और उससे लाखों रुपये वसूल लिए।
पति की मौत के बाद भी नहीं रुकी ठगी
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने यह दावा किया था कि विशेष पूजा नहीं कराई गई तो उसके पति के साथ सड़क दुर्घटना हो सकती है। इस पूजा के नाम पर भी उसने करीब 1.5 लाख रुपये लिए। कुछ समय बाद महिला के पति की सड़क हादसे में मौत हो गई।
इसके बावजूद आरोपी ने महिला की भावनात्मक स्थिति का फायदा उठाना जारी रखा। कभी अपनी मां के ऑपरेशन, कभी पिता की मौत और कभी स्वयं के पुलिस गिरफ्त में होने का बहाना बनाकर लगातार पैसों की मांग करता रहा।
शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का भी दिया झांसा
आरोपी ने महिला के बेटे को शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच भी दिया। इस भरोसे में महिला और उसके बेटे ने अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम आरोपी के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। हालांकि, न कोई मुनाफा मिला और न ही निवेश की गई राशि वापस की गई।
जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। मानसिक दबाव बनाने के लिए उसने अपने हाथ की नस काटने की तस्वीर भी भेजी। इतना ही नहीं, सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर भी महिला से पैसे वसूले।
इंदौर से आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद भिलाई नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के इंदौर में मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैंक खातों से संबंधित मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बैंक खातों और नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।
What's Your Reaction?





