Raipur Traffic News: QRT को मिले 10 नए वाहन, ट्रैफिक जाम की सूचना पर तुरंत पहुंचेगी टीम
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए QRT को 10 नए आधुनिक वाहन दिए। ट्रैफिक जाम की सूचना 9479210632 पर देने पर QRT टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु करेगी।
रायपुर। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से आम नागरिकों को राहत दिलाने और सुगम एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को 10 नए आधुनिक वाहनों से सुसज्जित किया है। इन वाहनों को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रवाना करने से पहले पुलिस कमिश्नर ने शहर के प्रमुख जाम प्रभावित स्थानों की समीक्षा की और अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने सभी QRT टीमों को निर्देशित किया कि ट्रैफिक जाम की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य करें, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आधुनिक संसाधनों से लैस की गई QRT
रायपुर पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए नए वाहनों को आधुनिक संसाधनों और आवश्यक उपकरणों से सुसज्जित किया गया है। इससे QRT टीम ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य यातायात संबंधी बाधाओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान कर सकेगी।
ट्रैफिक जाम की सूचना दें, तुरंत पहुंचेगी टीम
यातायात पुलिस रायपुर ने नागरिकों से अपील की है कि यदि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है, तो वे यातायात हेल्पलाइन नंबर 9479210632 पर तुरंत सूचना दें। सूचना मिलते ही निकटतम QRT टीम मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु करने की कार्रवाई करेगी।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
वाहनों को रवाना करने के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) दौलत राम पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सुरेंद्र साय पैकरा, रमेश येरेवार, सतीश ठाकुर, सीमा अहिरवार सहित यातायात पुलिस के सभी थाना प्रभारी एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रायपुर पुलिस का यह प्रयास शहरवासियों को बेहतर, सुरक्षित और जाम-मुक्त यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पुलिस का मानना है कि आधुनिक संसाधनों से लैस QRT टीमों के सक्रिय होने से ट्रैफिक जाम की स्थिति में तेजी से राहत मिल सकेगी और शहर की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनेगी।
What's Your Reaction?





