Raipur News: पश्चिम क्षेत्र में स्पा सेंटरों पर पुलिस की आकस्मिक चेकिंग, 10 स्पा सेंटरों का निरीक्षण
Raipur Police News: रायपुर के पश्चिम क्षेत्र में पुलिस ने आकस्मिक अभियान चलाकर 10 स्पा सेंटरों का निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों के पालन, कर्मचारियों के सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था और वैधानिक दस्तावेजों की जांच की गई।
रायपुर। शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा स्पा सेंटरों का संचालन निर्धारित नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने पश्चिम क्षेत्र में विशेष आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में पश्चिम क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्तों, थाना सरस्वती नगर, आजाद चौक एवं डी.डी. नगर के थाना प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्पा सेंटरों का औचक निरीक्षण किया।
10 स्पा सेंटरों की हुई गहन जांच
अभियान के दौरान कुल 10 स्पा सेंटरों की विस्तृत जांच की गई। पुलिस टीम ने स्पा सेंटरों में संचालित गतिविधियों, कर्मचारियों के पहचान संबंधी दस्तावेज, आगंतुकों के रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, वैधानिक अभिलेखों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सूक्ष्म परीक्षण किया।
पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी स्पा सेंटर निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं तथा वहां किसी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि संचालित नहीं की जा रही है।
संचालकों को दिए गए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान स्पा सेंटर संचालकों को सभी आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखने, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, सीसीटीवी कैमरों को नियमित रूप से चालू रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों के उल्लंघन या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था पर पुलिस की विशेष नजर
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार के आकस्मिक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
What's Your Reaction?





