जिला पंचायत सदस्य से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का सफर, महासमुंद की रूप कुमारी 10वीं तक की है पढ़ाई, ऐसा है राजनीति करियर
Rupkumari Chaudhary: महासमुंद की सांसद रुपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय महिला मोर्चा की नई अध्यक्ष बनाया गया है। वे बसना विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं, आइए जानते हैं राजनीति करियर के बारे में..
BJP Chhattisgarh: भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ के दो युवा नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। महासमुंद की सांसद रुपकुमारी चौधरी को भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष तो वहीं सीजीएमएसी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के को भाजपा सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक जिम्मा सौंपा है। ये दोनों पद ही छत्तीसगढ़ के लिहाज से बहुत बड़ा है। सबसे पड़ा पद राष्ट्रीय महिला मोर्चा का अध्यक्ष है। राजनीतिक दृष्टि से अब देशभर की भाजपा महिला मोर्चा की कमान छत्तीसगढ़ की युवा महिला सांसद के पास है।
Rupkumari Chaudhary: भाजपा में जिला पंचायत सदस्य से सफर शुरू किया सांसद चौधरी ने
सासंद रूपकुमारी चौधरी अघरिया समाज से आती है। अपनी राजनीति की शुरुआत उन्होंने जिला पंचायत सदस्य से की थी। इसके बाद वे बसना विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं, और लंबे समय तक संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। इसके बाद महासमुंद की सांसद चुनी गई। अब उन्हें भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाई गई।
दसवीं कक्षा तक पढ़ाई
बता दें कि रूपकुमारी चौधरी का जन्म 5 जुलाई 1976 को छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक के ग्राम धनापाली में हुआ। स्व. क्षेमराज पटेल की संतान रूप कुमारी ने दसवीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की है। उनका विवाह 1 अप्रैल 1993 को सरायपाली ब्लॉक के ग्राम हर्राटार निवासी ओमप्रकाश चौधरी से हुआ। उनके पति भूमि विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में व्यवसाय से जुड़े हैं।
आधी आबादी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना ही मुख्य ध्येय : रूपकुमारी चौधरी
भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने एक साधारण कार्यकर्ता पर जो अटूट विश्वास जताया है, वे पूरी निष्ठा, परिश्रम और समर्पण के साथ उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। चौधरी ने नारी सशक्तीकरण से जुड़ी कार्ययोजना और प्राथमिकताओं की चर्चा की और कहा, प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में मातृशक्ति की भूमिका सबसे अहम है। महिला मोर्चा न केवल संगठन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएगा, बल्कि देश की हर महिला के स्वाभिमान, स्वावलम्बन और सुरक्षा के लिए निरंतर अग्रसर रहेगा।
इसलिए मिला छत्तीसगढ़ को फायदा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अभी भी छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के प्रभारी है। नबीन ने पिछले चुनाव में इन दोनों का कार्य भी देख चुके हैं। इसलिए नबीन ने अपनी टीम में इन दोनों को प्रमुख पद से नवाजा है। साथ ही राष्ट्रीय महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए सामाजिक समीकरण को भी ध्यान में रखा गया है।
What's Your Reaction?





