छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सुबह से लेकर रात तक ठंड का असर पूरी तरह खत्म हो चुका है। दिन के समय गर्मी का अहसास होने लगा है। दोपहर में तेज धूप भी निकल रही है। पिछले करीब सप्ताह भर से इसी तरह की स्थिति देखने को मिल रही है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार कम ठंड पड़ी है। दिसबंर, जनवरी महीने में भी कुछ-कुछ दिन ही तेज ठंड थी। अब न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। फरवरी महीने के शुरुआत में ठंड पूरी खत्म होने की कगार पर है। रात में 12 से 1 बजे भी घरों के बाहर ठंड नहीं है। ऐसे में शहर की सड़कों में चहल पहल भी बढ़ गई है। बिना गरम कपड़ों के लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। ऐसे में पूरी तरह गर्मी का अहसास हो रहा है। पंखे, कूलर भी चलने लगे मौसम साफ होने से दोपहर में धूप तेज लगने लगी है। इससे रविवार को अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में गर्मी लगने से लोग अब पंखे, कूलर भी चलाने लगे हैं। यही नहीं दोपहर में धूप से बचने गमछे का भी सहारा लिया जा रहा है। सप्ताह भर में 2 डिग्री बढ़ेगा तापमान मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार, रविवार से लेकर सप्ताह भर तक तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। सोमवार से 1 डिग्री तो बुधवार से न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे गर्मी पहले से अधिक बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।