कांकेर जिला पंचायत चुनाव...6 सदस्य विजयी घोषित:3-3 सीटें भाजपा-कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को, 3 सदस्य अध्यक्ष पद की दौड़ में
त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के पहले चरण में जिला पंचायत के छह सदस्यों को प्रमाण पत्र मिल गए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने जिला कार्यालय में विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र सौंपे। क्षेत्र क्रमांक 1 से मृदुला भास्कर, क्षेत्र क्रमांक 2 से सुलोचना मेश्राम और क्षेत्र क्रमांक 3 से सावित्री संजना वट्टी चुनी गईं। क्षेत्र क्रमांक 4 से तारा ठाकुर, क्षेत्र क्रमांक 5 से तेजेश्वरी गब्बर सिन्हा और क्षेत्र क्रमांक 6 से किरण नरेटी विजयी हुईं। छह सदस्यों में से तीन भाजपा और तीन कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीते हैं। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से तारा ठाकुर और किरण नरेटी की दावेदारी है। कांग्रेस से मृदुला भास्कर भी इस रेस में हैं। मृदुला ने भाजपा की पूर्व विधायक सुमित्रा मरकोले को 12 हजार वोटों से हराया है। मृदुला भास्कर को भाजपा में शामिल करने की चर्चा चल रही है। लेकिन उन्होंने इस बात को नकारते हुए कहा कि वे कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के नेतृत्व में जनता की सेवा करती रहेंगी। दूसरे और तीसरे चरण के चुनाव परिणामों का इंतजार है। जिस पार्टी के सबसे ज्यादा सदस्य जीतेंगे, उसी पार्टी से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने जाने की संभावना है।
What's Your Reaction?


