Raipur News: शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर ठगी, 6 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में 6 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो अलग-अलग राज्यों से ऑपरेट कर लोगों को अधिक मुनाफे का झांसा देकर ठगी कर रहे थे। पुलिस द्वारा डिजिटल साक्ष्य जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।
ऑपरेशन साइबर शील्ड: अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई
Raipur News : रायपुर। शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब में अत्यधिक मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह का रायपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न 115 थाना/साइबर सेल में ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से हुई गिरफ्तारी, देशभर के 115 थाना/साइबर सेल में दर्ज हैं मामले
केस 1: शेयर ट्रेडिंग में 40 लाख की ठगी
प्रार्थी विरल कुमार पटेल से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे के नाम पर 40 लाख रुपये की ठगी की गई। थाना खमारडीह में दर्ज अपराध क्रमांक 92/25 के तहत विवेचना में मुख्य आरोपी विपुल पाटने (निवासी बांद्रा, मुंबई) की पहचान हुई। आरोपी फर्जी कंपनी यूनिक इंटरप्राइजेज के नाम से बैंक खाते खोलकर ठगी की रकम प्राप्त करता था। आरोपी के बैंक खाते से जुड़े 69 थानों में शिकायतें दर्ज पाई गईं।
केस 2: 30 लाख की शेयर ट्रेडिंग ठगी
प्रार्थी अंचित कुमार सिन्हा से 30 लाख रुपये की ठगी के मामले में थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 273/25 दर्ज किया गया। तकनीकी विश्लेषण में आरोपी शोएब अख्तर (निवासी छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश) की पहचान हुई, जो एस एस फ्रूट नामक फर्जी कंपनी के माध्यम से ठगी कर रहा था। आरोपी के खातों पर 16 थाना/साइबर सेल में प्रकरण दर्ज हैं।
केस 3: 46 लाख की साइबर ठगी
प्रार्थी राहुल कुमार से 46 लाख रुपये की ठगी के मामले में थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 153/25 दर्ज किया गया। जांच में आरोपी पूनमचंद वर्मा और कल्लू मंसूरी (दोनों निवासी इंदौर) की पहचान हुई। आरोपियों के खातों से जुड़े 26 थाना/साइबर सेल में प्रकरण दर्ज पाए गए।
केस 4: ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब में 15 लाख की ठगी
प्रार्थी केयूरी मजीथीया से ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी की गई। थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 549/25 दर्ज किया गया। तकनीकी जांच में आरोपी सुहैल अहमद (निवासी पन्ना, मध्यप्रदेश) की पहचान हुई, जिसके खिलाफ केरल राज्य में भी प्रकरण दर्ज है।
केस 5: शेयर ट्रेडिंग में 12 लाख की ठगी
प्रार्थी खेमचंद पटेल से अत्यधिक लाभ का लालच देकर 12 लाख रुपये की ठगी की गई। थाना उरला में अपराध क्रमांक 388/25 दर्ज किया गया। जांच में आरोपी जयंत अहिरवार की पहचान हुई, जिसके विरुद्ध पंजाब राज्य में भी मामला दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी
-
जयंत अहिरवार (23 वर्ष) – निवासी सीहोर, मध्यप्रदेश
-
सुहैल अहमद (31 वर्ष) – निवासी पन्ना, मध्यप्रदेश
-
विपुल पाटने (28 वर्ष) – निवासी बांद्रा, मुंबई (हाल नागपुर)
-
पूनमचंद वर्मा (54 वर्ष) – निवासी इंदौर, मध्यप्रदेश
-
कल्लू मंसूरी (46 वर्ष) – निवासी इंदौर, मध्यप्रदेश
- शोएब अख्तर (27 वर्ष) – निवासी छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य सहयोगियों और ठगी की राशि के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?





