IAS Deepak Soni: काम ऐसा कि मिसाल बन गया… CG के युवा IAS अफसर को अब केंद्र सरकार मेें मिली बड़ी जिम्मेदारी

IAS Deepak Soni: काम ऐसा कि मिसाल बन जाए... छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के IAS अधिकारी दीपक सोनी अपने कार्यशैली व नवाचार इसे सार्थक कर दिखाया है। आइए जानते है उनके बारे में...

Jan 11, 2026 - 10:15
 0  14
IAS Deepak Soni: काम ऐसा कि मिसाल बन गया… CG के युवा IAS अफसर को अब केंद्र सरकार मेें मिली बड़ी जिम्मेदारी

IAS Deepak Soni: छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के IAS अफसर दीपक सोनी को भारत सरकार ने नई जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने उनकी प्रतिनियुक्ति को स्वीकृति दी, जिसके बाद अब उन्हें दिल्ली बुलाया गया है। वर्तमान में वे बलौदाबाजार जिले के कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। उनकी कार्यकुशलता और नवाचारों के चलते वे लगातार सुर्खियों में रहे हैं, यही वजह है कि उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।

IAS Deepak Soni: मूलतः दुर्ग के रहने वाले हैं दीपक सोनी

युवा IAS अधिकारी दीपक सोनी मूल रूप से दुर्ग जिले के निवासी हैं। उनका जन्म 1 जनवरी 1985 को हुआ। उन्होंने कॉमर्स विषय से बीकॉम कर स्नातक की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद UPSC की तैयारी कर 120वीं रैंक हासिल कर IAS बने। उन्होंने 29 अगस्त 2011 को IAS सेवा जॉइन की। वे रायपुर जिले के जिला पंचायत CEO रहे हैं और तत्कालीन कलेक्टर ओपी चौधरी के इस्तीफे के बाद रायपुर के प्रभारी कलेक्टर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर मिल चुका है सम्मान

जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए IAS दीपक सोनी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की उपस्थिति में उन्हें एक करोड़ रुपये का चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। उनकी उपलब्धियां केवल बलौदाबाजार तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि इससे पहले भी वे कई जिलों में नवाचारों के जरिए राष्ट्रीय पहचान बना चुके हैं।

दंतेवाड़ा को दिलाई नई पहचान

IAS दीपक सोनी की पोस्टिंग रायपुर, सूरजपुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जैसे जिलों में रही है। नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा में उन्होंने जिले की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने डैनेक्स गारमेंट फैक्ट्री की शुरुआत कर हजारों महिलाओं को रोजगार से जोड़ा। साथ ही आत्मसमर्पित नक्सलियों को रोजगार से जोड़ने और बाइक पर स्वयं गांव-गांव जाकर मूलभूत सुविधाएं व स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने जैसी पहल की। इन प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई।

सूरजपुर से शुरू हुआ कलेक्ट्री का सफर

दीपक सोनी को पहली बार सूरजपुर जिले में कलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी मिली। इसके बाद वे दंतेवाड़ा और कोंडागांव के कलेक्टर रहे। उन्होंने नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, आयुक्त एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं जैसे अहम पदों पर भी सेवाएं दीं। वर्तमान में वे बलौदाबाजार कलेक्टर हैं और अब सेंट्रल डेपुटेशन पर दिल्ली जाकर भारत सरकार के स्वास्थ्य विभाग में डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभालेंगे।

तनावपूर्ण माहौल में संभाली बलौदाबाजार की कमान

बलौदाबाजार में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उपजे तनावपूर्ण माहौल में वर्ष 2024 में विष्णु देव साय सरकार ने दीपक सोनी को जिले का कलेक्टर नियुक्त किया। उन्होंने हालात को कुशलता से संभाला, जनता से संवाद स्थापित किया और सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया। उनके कार्यों की गूंज दिल्ली तक पहुंची और उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

PoliceDost Police and Public Relations