रायपुर: 5-स्टार होटलों को निशाना बनाने वाला अंतर्राज्यीय ठग ओडिशा से गिरफ्तार
Raipur Crime News: देशभर के 5-स्टार होटलों में ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी को रायपुर पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कई राज्यों में दर्जनों मामले दर्ज हैं।
300 से अधिक होटलों में ठगी और चोरी का दावा, होटल हयात से लैपटॉप और बिना बिल चुकाए फरार हुआ था आरोपी
रायपुर। राजधानी रायपुर में 5-स्टार होटलों को निशाना बनाकर ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय आरोपी को रायपुर पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ देश के 10 से अधिक राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह वर्षों तक विभिन्न राज्यों की जेलों में निरुद्ध रह चुका है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
होटल हयात से बिना बिल चुकाए हुआ था फरार
पुलिस के अनुसार, थाना तेलीबांधा क्षेत्र स्थित होटल हयात के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति 25 जून 2026 को होटल में ठहरा था। 27 जून की सुबह वह बिना चेक-आउट प्रक्रिया पूरी किए होटल से चला गया।
आरोप है कि उसने होटल का 63,755 रुपये का बकाया बिल नहीं चुकाया और होटल द्वारा विशेष अनुरोध पर उपलब्ध कराया गया लगभग 1.48 लाख रुपये मूल्य का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया। होटल प्रबंधन द्वारा संपर्क करने के प्रयास किए गए, लेकिन उसके मोबाइल नंबर बंद मिले।
शिकायत के आधार पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 284/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज किया गया।
72 घंटे में तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने होटल में जमा कराए गए दस्तावेजों, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में मिली।
संयुक्त पुलिस टीम तत्काल भुवनेश्वर पहुंची और आरोपी बिंगसन जॉन (69 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से होटल का लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया।
देशभर में 300 से अधिक होटलों को बनाया निशाना
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह वर्षों से देश के विभिन्न राज्यों के महंगे होटलों को निशाना बनाता रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दावा किया है कि उसने वर्ष 1990 से अब तक 300 से अधिक होटलों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस इस दावे का सत्यापन कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी स्वयं को विदेशी पर्यटक गाइड, अंग्रेजी शिक्षक और योग प्रशिक्षक बताकर महंगे होटलों में ठहरता था। होटल की सुविधाओं का उपयोग करने के बाद वह बिना भुगतान किए फरार हो जाता था और कई मामलों में होटल की संपत्ति भी साथ ले जाता था।
कई राज्यों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से तूतीकोरिन (तमिलनाडु) का निवासी है। उसके विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में अनेक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि वह विभिन्न राज्यों की जेलों में करीब 15 वर्ष तक निरुद्ध रह चुका है।
आगे की जांच जारी
पुलिस जब्त किए गए लैपटॉप और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड, विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों तथा अन्य संभावित वारदातों के संबंध में संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
बिंगसन जॉन (69 वर्ष)
पिता – ज्ञान प्रकाश
निवासी – नटराजपुरम स्ट्रीट, जिला तूतीकोरिन, तमिलनाडु।
What's Your Reaction?





