Raipur Police: गोलबाजार थाना में ई-मालखाना का शुभारंभ, जब्त संपत्तियों का होगा डिजिटल प्रबंधन

Raipur Police News: रायपुर के गोलबाजार थाना में ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इस डिजिटल व्यवस्था के तहत जब्त संपत्तियों का बारकोड आधारित पंजीयन, सुरक्षित भंडारण और रियल-टाइम ट्रैकिंग की जाएगी, जिससे पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रबंधन की दक्षता बढ़ेगी।

Jul 22, 2026 - 17:55
 0  2
Raipur Police: गोलबाजार थाना में ई-मालखाना का शुभारंभ, जब्त संपत्तियों का होगा डिजिटल प्रबंधन

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने पुलिसिंग को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मध्य जोन के थाना गोलबाजार में ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने इसका उद्घाटन किया।

गौरतलब है कि कमिश्नरेट रायपुर में ई-मालखाना की शुरुआत पहले थाना कोतवाली से की गई थी। अब इस व्यवस्था का विस्तार गोलबाजार थाना तक कर दिया गया है। पुलिस का उद्देश्य जब्त संपत्तियों और माल-मशरूका के रखरखाव को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना है।

डिजिटल रिकॉर्ड से मजबूत होगी "चेन ऑफ कस्टडी"

ई-मालखाना प्रणाली के माध्यम से अपराधों और अन्य मामलों में जब्त किए गए माल का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। जब्त संपत्तियों की डिजिटल प्रविष्टि और रिकॉर्ड संधारण होने से उनकी "चेन ऑफ कस्टडी" अधिक स्पष्ट और मजबूत बनी रहेगी।

नई व्यवस्था के तहत किसी भी जब्त माल की स्थिति, विवरण और उससे संबंधित प्रकरण की जानकारी डिजिटल माध्यम से आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। इससे न्यायालयीन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और साक्ष्यों के प्रबंधन में दक्षता भी आएगी।

चरणबद्ध तरीके से अन्य थानों में भी होगी शुरुआत

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए आने वाले समय में शहर के अन्य थानों में भी चरणबद्ध तरीके से ई-मालखाना प्रणाली लागू की जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और नागरिक हितैषी बनाना है।

ये अधिकारी रहे उपस्थित

ई-मालखाना शुभारंभ कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, थाना गोलबाजार प्रभारी स्वराज त्रिपाठी सहित थाना के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

PoliceDost Police and Public Relations